पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारत को बड़ी राहत मिली है। LPG टैंकर ‘सिमी’ करीब 20 हजार टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस लेकर सुरक्षित रूप से गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल पोर्ट पहुंच गया। यह जहाज 13 मई को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत के लिए रवाना हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले इस जहाज में प्रोपेन और ब्यूटेन गैस की बड़ी खेप मौजूद है। जहाज पर कुल 21 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 8 यूक्रेनी और 13 फिलिपीनी नागरिक शामिल हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा सप्लाई पर असर पड़ सकता है। ऐसे में भारत तक LPG की सुरक्षित डिलीवरी देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से अहम मानी जा रही है। कांडला पोर्ट पहुंचने के बाद गैस को पाइपलाइन के जरिए स्टोरेज टर्मिनल तक पहुंचाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मौजूदा हालात में होर्मुज स्ट्रेट पार करने वाला ‘सिमी’ 11वां LPG टैंकर है। इससे पहले भी भारत के लिए कई गैस और तेल टैंकरों को सुरक्षा निगरानी में इस संवेदनशील समुद्री मार्ग से निकाला गया था।