अमरावती के जिला महिला अस्पताल के NICU में आग, तीन नवजातों की मौत; छह की हालत गंभीर
अमरावती, 24 अगस्त 2026। महाराष्ट्र के अमरावती में सोमवार तड़के जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसे के दौरान वार्ड में 39 नवजात उपचाराधीन थे। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
तड़के करीब 3:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में सुबह करीब 3:30Am बजे आग लगी। शुरुआती जानकारी में वेंटिलेटर या थर्मल यूनिट में तकनीकी खराबी के बाद आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह अभी जांच का विषय है।
अस्पताल स्टाफ ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
आग की सूचना मिलते ही डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। बच्चों को प्रभावित हिस्से से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित कमरे में मौजूद नौ बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तीन नवजातों को नहीं बचाया जा सका।
छह नवजात दूसरे अस्पताल में भर्ती
हादसे में गंभीर रूप से प्रभावित छह नवजात बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मृत बच्चों को गंभीर रूप से जलने और धुएं के प्रभाव के कारण जान गंवानी पड़ी।
आग की वजह की जांच जारी
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग किस वजह से लगी और क्या अस्पताल में निर्धारित अग्नि-सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था। जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।





