मुंगेली में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, लोरमी का परसहापारा बना टापू; प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट

मुंगेली/लोरमी। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण लोरमी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। भारी बारिश के बाद निचले इलाकों में पानी भरने से कई जगहों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। लोरमी ब्लॉक का परसहापारा इलाका पानी से घिर गया, जिसके बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने लगा। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारियों की टीमें लगातार जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण कर रही हैं।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

भारी बारिश की सूचना के बाद लोरमी एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। लोगों को जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने कारिडोंगरी पुल समेत पानी से प्रभावित अन्य पुल-पुलियों पर बैरिकेडिंग कर दी है। बुधवारी बाजार से रामगढ़ जाने वाले रास्ते की पुलिया पर पानी आने के बाद वहां भी लोगों की आवाजाही रोकने के इंतजाम किए गए हैं।

अचानकमार-मनियारी नदी पर नजर

लगातार बारिश के चलते अचानकमार-मनियारी नदी के जलस्तर पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है। सावन के दौरान इस मार्ग से श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

वहीं लोरमी के विभा मसीह रोड स्थित आवासीय इलाके में जलभराव के बाद पानी निकालने का काम शुरू किया गया। इसके लिए मड मशीन की मदद ली जा रही है।

परसहापारा से परिवारों को सुरक्षित निकाला

जलभराव से प्रभावित परसहापारा क्षेत्र के परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। प्रभावित लोगों के लिए बिजराकछार में रहने, भोजन और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन की ओर से राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले, पुल-पुलिया और पानी से घिरे रास्तों पर जाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, वहां से आगे जाने का प्रयास न करें।

बाढ़ या आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला और अनुविभाग स्तर पर कंट्रोल रूम भी सक्रिय किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य किया जाएगा।

मुंगेली में बारिश का दौर जारी रहने के कारण आने वाले समय में जलस्तर को लेकर प्रशासन की निगरानी और भी महत्वपूर्ण हो गई है। लोगों से अपील है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।