Uttarakhand Earthquake: उत्तरकाशी में 4.2 की तीव्रता से हिली धरती, टिहरी में भी भूकंप के झटके; रात में घरों से बाहर निकले लोग
देहरादून। उत्तराखंड में देर रात भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। राज्य के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में भूकंपीय गतिविधि दर्ज की गई। उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 रही, जबकि टिहरी गढ़वाल में 2.0 तीव्रता का हल्का झटका महसूस किया गया।
उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का झटका
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, उत्तरकाशी जिले में देर रात करीब 1:21 बजे 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ। भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील के आसपास राजगढ़ी क्षेत्र में बताया गया है। इसकी गहराई जमीन के करीब 10 किलोमीटर नीचे थी।
तेज कंपन महसूस होते ही उत्तरकाशी की यमुना और गंगा घाटी से जुड़े कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। रात के समय अचानक आए झटकों के कारण कुछ देर तक लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
टिहरी में भी कांपी धरती
उत्तरकाशी के बाद टिहरी गढ़वाल जिले में भी भूकंप का झटका महसूस किया गया। कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में 2.0 तीव्रता का कंपन दर्ज किया गया। इसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर बताई गई है।
नुकसान की कोई सूचना नहीं
भूकंप के झटकों के बाद लोगों ने अपने परिचितों और रिश्तेदारों से फोन पर संपर्क कर उनका हालचाल जाना। प्रशासन की ओर से प्रारंभिक जानकारी जुटाई गई। राहत की बात यह है कि अब तक दोनों जिलों में भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल या बुनियादी ढांचे को नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
पहाड़ी इलाका भूकंप के लिहाज से संवेदनशील
उत्तराखंड का बड़ा हिस्सा भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। राज्य के कई इलाके उच्च भूकंपीय जोखिम वाले जोन में आते हैं, जिसके चलते यहां समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं।
बारिश और भूस्खलन के बीच भूकंप के झटकों ने स्थानीय प्रशासन की चिंता भी बढ़ाई है। ऐसे में लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करने की अपील की गई है।
फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और प्रशासन की ओर से हालात पर नजर रखी जा रही है।





