राजधानी दिल्ली और नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद तथा गाजियाबाद में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात धीमा पड़ गया और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए आने वाले समय में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों के दौरान मध्यम से तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। निचले इलाकों में जलभराव तथा प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने की आशंका है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।

बारिश के कारण कई अंडर पास और मुख्य मार्गों पर पानी भर गया है, जिससे वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यालय जाने वाले लोगों और स्कूल-कॉलेज आने-जाने वालों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगर निगम और संबंधित एजेंसियां जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने में जुटी हुई हैं।

आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। यदि भारी बारिश का दौर जारी रहता है, तो दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में सामान्य जनजीवन और अधिक प्रभावित हो सकता

है।