केंद्र सरकार ने डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में बढ़ोतरी कर दी है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार नई दरें 16 जून से प्रभावी हो गई हैं।
सरकार ने डीजल के निर्यात पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (SAED) को 13.5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 14 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। वहीं एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर यह शुल्क 9.5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 12.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। हालांकि पेट्रोल के निर्यात शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह 1.5 रुपये प्रति लीटर पर बरकरार रहेगा।
सरकार का कहना है कि यह कदम देश में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों के बीच निर्यात से होने वाले अतिरिक्त मुनाफे को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है। हाल के महीनों में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता देखने को मिली है।
घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले मौजूदा शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर इस फैसले का सीधा असर नहीं पड़ेगा।





