राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच रविवार सुबह बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के B-1 AC कोच में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रेन में हड़कंप मच गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। उस समय कोच में करीब 68 यात्री सवार थे। गार्ड ने धुआं और आग की लपटें देख तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया।

15 मिनट में खाली कराया गया पूरा कोच

रेलवे कर्मचारियों और राहत टीम ने तेजी दिखाते हुए करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया। सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया गया। आग फैलने के खतरे को देखते हुए प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया और बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई।

राहत कार्य के दौरान बड़ा हादसा, पलटी रेलवे टीम की वैन

घटना के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए जा रही रेलवे के कैरेज एंड वैगन विभाग की वैन शामगढ़-सुवासरा मार्ग के बीच अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में रेलवे के 5 से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस से कोटा रेफर किया गया।

दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित

आग लगने के बाद दिल्ली-मुंबई रेल रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया। रेलवे की दुर्घटना राहत ट्रेन और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया है।

जांच के आदेश

रेल मंत्रालय ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आग लगने की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। रेलवे बोर्ड की टीम तकनीकी और इलेक्ट्रिकल पहलुओं की जांच कर रही है।